चाउ चाउ

इस चित्र में चाउ चाउ की जीभ का रंग देखा जा सकता है।

चाउ चाउ कुत्ते की एक नस्ल है।[1] यह मूल रूप से उत्तरी चीन से है और यह कुत्तों की सबसे पुरानी नस्लों में से एक है।[2] यह मज़बूत शरीर वाला कुत्ता है जिसकी खोपड़ी चौड़ी होती है। इसके कान छोटे और त्रिकोणीय होते हैं। यह नस्ल अपने बहुत घने बालों के लिए जानी जाती है। इसके बाल सामान्यतः लाल-भूरे, काले या नीले-स्लेटी रंग के होते हैं। इसका औसतन वजन 20 से 32 किलोग्राम होता है। इसे 1820 के दशक में सर्वप्रथम चीन से यूनाइटेड किंगडम लाया गया था। 1890 के दशक में यह नस्ल अमेरिका पहुंची।[3]

चाउ चाउ की आंखें आमतौर पर गहरी और बादाम के आकार की होती हैं। यह नस्ल अपनी बैंगनी या काली-नीली जीभ के कारण भी जानी जाती है। यह विशेषता शार पेई नस्ल को छोड़कर किसी अन्य नस्ल में नहीं होती। इसके पिछले पैर बहुत सीधे होते हैं, जिसके परिणामस्वरूप इसकी अजीब सी चाल होती है। यह कुत्तों की एकमात्र ऐसी नस्ल है जिसके होठों और मुंह में विशिष्ट नीला रंग होता है।[4] एक और विशिष्ट विशेषता इसकी घुंघराले पूंछ है। इसके बाल घने होते हैं और नाक काली होती है। यह नस्ल स्वतंत्र व्यवहार की आदी होती है और इसे प्रशिक्षित करना आसान नहीं होता है।

सन्दर्भ